
हरिद्वार पुलिस का बड़ा एक्शन: पढ़ा-लिखा मोबाइल स्नैचर गैंग बेनकाब, तीन शातिर गिरफ्तार
थाना सिडकुल क्षेत्र में लगातार हो रही मोबाइल झपटमारी की घटनाओं से जनता में फैल रही दहशत के बीच हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिडकुल पुलिस ने चेकिंग के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तीन शातिर मोबाइल स्नैचरों को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपी मेट्रिक और ग्रेजुएट हैं तथा सिडकुल स्थित एक कंपनी में कार्यरत थे। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी व छीने गए कुल छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से बिजनौर जनपद के रहने वाले हैं और उनके खिलाफ थाना सिडकुल में दर्ज तीन मुकदमों में विधिक धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। बरामद मोबाइल फोन विभिन्न मामलों से जुड़े हैं।
आरोपियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं पुलिस की इस कार्रवाई से आमजन ने राहत की सांस ली है।
