

दयालबाग में हर्षोल्लास से मनाई गई परम पूज्य गुरु महाराज प्रोफेसर प्रेम सरन सतसंगी साहब एवं परम आदरणीय रानी साहिबा जी की 68वीं वैवाहिक वर्षगांठ

दयालबाग, आगरा। परम पूज्य गुरु महाराज प्रोफेसर पी. एस. सतसंगी साहब एवं परम आदरणीय रानी साहिबा जी की 68वीं वैवाहिक वर्षगांठ दयालबाग में श्रद्धा, आत्मीयता एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कृषि सेवा और बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से दिनभर उत्सव का उल्लासमय वातावरण बना रहा।
प्रातःकाल एग्रोइकोलॉजी-कम-प्रेसिजन फार्मिंग के अंतर्गत एहतमाली में सरसों की निराई एवं गुड़ाई की कृषि सेवा की गई। इस दौरान परम पूज्य गुरु महाराज एवं परम आदरणीय रानी साहिबा जी की पावन एवं गरिमामयी उपस्थिति रही। बुजुर्गों, युवाओं, बहनों एवं बच्चों ने पूरे उत्साह और समर्पण से कृषि सेवा में भाग लिया।
वैवाहिक वर्षगांठ के उपलक्ष्य में संत सुपरह्यूमन योजना के बच्चों ने कल्चरल प्रोग्राम में बधाई गीत एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियाँ पेश कीं। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को आनंदित किया।
सायंकाल दूसरी शिफ्ट में भी एहतमाली में सरसों की निराई एवं गुड़ाई की कृषि सेवा की गई। इस दौरान भी बच्चों ने परम पूज्य गुरु महाराज एवं परम आदरणीय रानी साहिबा जी की पावन उपस्थिति में बधाई गीत प्रस्तुत कर अपनी प्रसन्नता एवं श्रद्धाभाव व्यक्त किए।
भाई दूज का पर्व भी श्रद्धा एवं उल्लास से मनाया गया
इसी दिन भाई-बहन के अगाध प्रेम, विश्वास एवं आत्मीयता का प्रतीक भाई दूज का पर्व भी मनाया गया। प्रातःकाल की शिफ्ट में प्रे.मी. बहन राजकुमारी जी ने परम पूज्य गुरु महाराज एवं परम आदरणीय रानी साहिबा जी के चरणों में अपना बधाई संदेश पढ़कर प्रस्तुत किया। दोनों आयोजनों से दयालबाग में दिनभर आनंद और आत्मीयता का वातावरण बना रहा।
