• Sun. Jul 6th, 2025

Star uk news

अपना उत्तराखंड

संतों पर भी छाया होली का उल्लास
होली के गीतों पर खूब थिरके अखाड़ा परिषद अध्यक्ष
भारतीय जीवनशैली का अभिन्न अंग हैं त्योहार-श्रीमहंत रविन्द्रपुरी

Bystaruknews

Mar 9, 2023

संतों पर भी छाया होली का उल्लास
होली के गीतों पर खूब थिरके अखाड़ा परिषद अध्यक्ष
भारतीय जीवनशैली का अभिन्न अंग हैं त्योहार-श्रीमहंत रविन्द्रपुरी
धर्मनगरी हरिद्वार में रंगों का त्योहार होली उल्लास व उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। बच्चे, बुजुर्ग, महिलाओं और युवाओं ने खूब अबीर गुलाल उड़ाया और जमकर होली खेली। होली के उल्लास से संत भी अछूते नहीं रहे। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज के संयोजन में निरंजनी अखाड़े में आयोजित होली मिलन समारोह में संतों ने एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी और राष्ट्र की खुशहाली की कामना की। इस दौरान कलाकारों ने होली के सांस्कृतिक व धार्मिक गीतों और उत्तराखंड व हिमाचल के लोकगीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया।

कलाकारों के साथ अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी, निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी, भारत माता मंदिर के महंत एवं निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, हनुमान घाट हनुमान मंदिर के महंत स्वामी रवि पुरी, जगजीतपुर स्थित नर्मदेश्वर हनुमान मंदिर के महंत स्वामी आलोक गिरी सहित अखाड़े के संतों ने भी जमकर नृत्य किया।
इस अवसर पर सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि विविधता पूर्ण संस्कृति वाले देश भारत मे पर्वों का विशेष महत्व है। त्योहार भारतीय जीवनशैली का अभिन्न अंग हैं। बुराई पर अच्छाई की जीत और प्रेम व सोहार्द के पर्व होली के रंग जीवन की एकरसता को दूर कर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

प्रेम, एकता और सोहार्द के साथ देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़े। सभी का जीवन मंगलमय हो। संत समाज ऐसी कामना करता है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को पाश्चात्य संस्कृति से दूर रहकर भारतीय संस्कृति के अनुरूप ही त्योहारों को मनाना चाहिए। निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज ने कहा कि देश में मनाए जाने वाले विभिन्न पर्व सनातन संस्कृति की छवि को अनूठे रूप में प्रस्तुत करते हैं। होली सभी को आपस में जोड़ने वाला पर्व है। भारत माता मंदिर के महंत एवं निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी महाराज ने कहा कि रंगों उमंगों व उल्लास का पर्व होली देश की सांस्कृतिक एकता को मजबूत करता है। होली ऐसा पर्व है जो धर्म, संप्रदाय ओर जाति बंधनों को तोड़कर लोगों को एक दूसरे के करीब लाता है। इस अवसर पर महंत नरेश गिरी, महंत आलोक गिरी, महंत दिनेश गिरी, दिगम्बर गंगा गिरी, दिगम्बर रवि वन, स्वामी रविपुरी, एसएमजेएन कालेज के प्राचार्य डा.सुनील कुमार बत्रा, मनसा देवी मंदिर के ट्रस्टी अनिल शर्मा, प्रदीप शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Sory