
कुंभ हमारी आस्था का महापर्व है, भाजपा सरकार की कमाई का अवसर नहीं! जनता के पैसे की पाई-पाई का हिसाब लेकर रहेंगे।

आज हरिद्वार पहुंचे उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष, सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं उत्तराखंड कांग्रेस की चार्जशीट कमेटी के अध्यक्ष आदरणीय श्री करन माहरा जी ने आगामी कुंभ के लिए चल रहे विकास कार्यों के स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कुंभ विकास कार्यों के नाम पर पैसों की बंदरबांट का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार से निर्माण कार्यों की लागत, गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जवाब मांगा।
कुछ दिन पूर्व हमने प्रेस वार्ता के माध्यम से इन्हीं कार्यों को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे। हमारी मांग स्पष्ट है—करीब 709 करोड़ रुपये के कुंभ विकास कार्यों की परियोजनावार जानकारी, DPR, टेंडर, ठेकेदारों के नाम, भुगतान का विवरण और गुणवत्ता जांच की रिपोर्ट जनता के सामने रखी जाए। जनता की मेहनत की कमाई कहां और कैसे खर्च हो रही है, यह जानना उसका अधिकार है।
सतीकुंड के पुनरोद्धार एवं सौंदर्यीकरण पर करोड़ों रुपये की प्रस्तावित लागत का मदवार हिसाब भी सार्वजनिक होना चाहिए। वहां कौन-सा काम कितनी लागत से होगा? भूमि का स्वामित्व किसके पास है और भविष्य में रखरखाव की जिम्मेदारी किसकी होगी? आस्था से जुड़े स्थल के विकास में पारदर्शिता और जवाबदेही की आवश्यकता और बढ़ जाती है।
पिछले कुंभ में करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए आस्था पथ, सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था से जुड़े कार्यों की बदहाली की शिकायतों का भी जवाब मिलना चाहिए। जिन निर्माणों को वर्षों तक चलना चाहिए था, उनकी गुणवत्ता पर इतने कम समय में सवाल क्यों उठ रहे हैं? पुराने और वर्तमान कार्यों का स्वतंत्र तकनीकी एवं वित्तीय ऑडिट हो तथा अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाए।
आदरणीय श्री करन माहरा जी के निरीक्षण और इन सवालों को मजबूती से उठाने से हमारी आवाज को और बल मिला है। महानगर कांग्रेस हरिद्वार की जनता, व्यापारियों और श्रद्धालुओं के हितों के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करती रहेगी।
हरिद्वार को गुणवत्तापूर्ण विकास चाहिए। मां गंगा और कुंभ की आस्था की आड़ में जनता के धन की बर्बादी बर्दाश्त नहीं करेंगे। सरकार से एक-एक रुपये का हिसाब मांगेंगे!अमन गर्गअध्यक्ष, ज़िला महानगर कांग्रेस कमेटी, हरिद्वार
#
