
परिवहन विभाग के संयुक्त आयुक्त्त राजीव मेहरा ने ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय के प्रोफेसर (डॉ.) नरेश चौधरी को ‘‘नेक राह-वीर’’(Good Samaritan) के रूप में किया सम्मानित
मोटर वाहन से जुड़ी घातक दुर्घटना के स्वर्णिम समय के भीतर घायलों को चिकित्सा उपचार करवाने के लिए चिकित्सा/ट्रामा केयर सेंटर पहुंचाकर जिस व्यक्ति ने घायलों की जान बचायी हो उसको ‘‘राह-वीर योजना ’’ के अंतर्गत सरकार की ओर से परिवहन विभाग सम्मानित करता है। इसी योजना के अंतर्गत ऋषिकुल राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय के शरीर रचना विभागाध्यक्ष/महामहिम राष्ट्रपति की अध्यक्षता वाली सर्वोच्च राष्ट्रीय प्रबंधन समिति भारतीय रेडक्रॉस के सदस्य डॉ. नरेश चौधरी को उत्तराखण्ड सरकार की ओर से परिवहन विभाग के संयुक्त्त आयुक्त्त राजीव मेहरा ने सम्मानित किया। ज्ञात हो डॉ. नरेश चौधरी ने 22 मई 2025 में श्यामपुर कांगड़ी के पास हाईवे पर हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बिजेन्द्र पुत्र सोमपाल 48 वर्ष निवासी टांडा सांवला नजीबाबाद जनपद बिजनौर एवं सोनू पुत्र मनोहर सिंह 35 वर्ष का प्राथमिक उपचार उपरान्त स्वंय अपने वाहन से जिला चिकित्सालय पहुंचाया परन्तु अत्यन्त गंभीर रूप से घायल बिजेन्द्र पुत्र सोमपाल को ऋषिकेश एम्स चिकित्सालय में पहुंचाने की व्यवस्था भी स्वंय अपने स्तर से की जिससे स्वर्णिम समय के भीतर ही घायलों को समय से उचित ईलाज मिल पाया और दोनों घायलों का बहुमूल्य जीवन बच सका।
सम्मानित किये जाने पर डॉ. नरेश चौधरी ने अवगत कराया कि मेरे द्वारा पूर्व में भी सड़क दुर्घटनाओं में काफी पीड़ित गंभीर घायलों को समय से उचित ईलाज उपरान्त उनके बहुमूल्य जीवन बचाने में सक्रिय सहयोग किया गया, परन्तु ‘‘राह-वीर योजना’’ की जानकारी नहीं होने के कारण परिवहन विभाग को सूचना नहीं दी गयी। डॉ. नरेश चौधरी ने कहा कि ‘‘राह-वीर योजना’’सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर को कम करने में निश्चित रूप से साकार सिद्ध होगी, इसके लिए जन जागरूकता करनी होगी, जिससे जन समाज को सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को स्वर्णिम समय में ही निकटतम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की प्रेरणा मिलेगी। परिवहन संयुक्त्त आयुक्त्त राजीव मेहरा ने कहा कि डॉ. नरेश चौधरी ने जो गंभीर घायल व्यक्तियों का बहुमूल्य जीवन बचाया है वह समाज के लिये भी प्रेरणा संदेश है तथा पीड़ितों एवं उनके परिवारों के लिये भी एक कभी नहीं भूलने वाला वरदान है। राजीव मेहरा ने कहा कि डॉ. नरेश चौधरी को सम्मानित किया जाना सच्ची समर्पित मानव सेवा का उल्लेखनीय एवं अतुलनीय उदाहरण है। डॉ. नरेश चौधरी को सम्मानित किये जाने पर आर.टी.ओ. संदीप सैनी, श्रीमती अनिता चमोला, ए.आर.टी.ओ. नेहा झा, निखिल शर्मा, परिवर्तन अधिकारी भारत भूषण, वरुणा ने भी विशेष रूप से सराहना करते हुए बधाई दी।
