शिव महापुराण कथा के श्रवण से मिलती है पापों से मुक्ति-स्वामी भास्करानंद
हरिद्वार, 22 जुलाई। महामंडलेश्वर स्वामी भास्करानंद महाराज ने कहा कि शिव महापुराण कथा का श्रवण करने से पापों से मुक्ति मिलती है और मोक्ष की प्राप्ति होती है। भगवान शिव की महिमा, भक्ति और उनकी विभिन्न लीलाओं का वर्णन करने वाली शिव महापुराण कथा भक्तों को शिव के करीब लाती है। भूपतवाला स्थित जगदीश स्वरूप आश्रम में श्रद्धालु भक्तों को शिव महापुराण कथा का श्रवण करते हुए स्वामी भास्करानंद महाराज ने कहा कि सात्विक रहकर और मन को भगवान शिव में एकाग्र कर शिव महापुराण कथा का श्रवण करने से अनेक चमत्कारिक लाभ होते हैं। कथा के प्रभाव से लोक और परलोक दोनों में सुख और समृद्धि की प्राप्ति होती है। गंभीर रोगों से पीड़ित रोगियों को रोग से मुक्ति मिलती है। संतानहीन व्यक्तियों को संतान की प्राप्ति होती है। स्वामी भास्करानंद महाराज ने कहा कि शिव महापुराण कथा भगवान शिव का वांग्मय स्वरूप है। शिव महापुराण का पाठ और इसका अध्ययन करने से समस्त विकारों से मुक्ति मिलती है और इसके अनुष्ठान से अंतःकरण शुद्ध होता है। उन्होंने कहा कि सावन में शिव महापुराण कथा का आयोजन और श्रवण दोनों परम्कल्याणकारी हैं। इसके श्रवण से व्यक्ति राग द्वेष की भावना से मुक्त होकर शिव तत्व को प्राप्त करता है। लेकिन कथा श्रवण का लाभ तभी मिल सकता है। जब इससे मिले ज्ञान को आचरण में धारण कर लिया जाए। कथा के मुख्य जजमान दर्शन लाल गर्ग, अनीता गर्ग, विक्रांत गर्ग, श्रेया गर्ग, साहिल गर्ग, मीनाक्षी गर्ग, सैफी गुप्ता, भगवान दास गुप्ता, पुष्पा देवी, पर्व गर्ग, वंश गर्ग ने शिव महापुराण का पूजन कर कथाव्यास से आशीर्वाद लिया।
शिव महापुराण कथा के श्रवण से मिलती है पापों से मुक्ति-स्वामी भास्करानंद
