

श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण में आपसी विवाद व रचनात्मक गतिविधियों के अभाव से आहत करौली शंकर ने त्यागा महामण्डलेश्वर का पद
अन्य किसी अखाड़े से जुड़ने का नहीं दिया कोई संकेत
हरिद्वार, 21 नवम्बर। अखाड़े की आपसी खींचतान व रचनात्मक गतिविधियों के अभाव से आहत होकर महामंडलेश्वर पूर्ण गुरु श्री करौली शंकर जी महाराज ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मिश्री मठ के परमाध्यक्ष व श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण के पद पर आरूढ़ हुए करौली शंकर महाराज का वर्तमान परिस्थितियों में श्री पंचायती अखाड़ा नया अखाड़ा उदासीन से मोह भंग होता नजर आ रहा है। प्रेस को जारी अपने त्याग पत्र में उन्हांेने अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत धुनी दास जी को सम्बोधित त्यागपत्र में साफ कहा है कि आपसी खींचतान, तानाशाही और मुकदमेबाजी ने अखाड़े की पंचायती व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। साथ ही पंजाब के लोगों को उचित प्रतिनिधित्व और सम्मान नहीं मिलने पर भी नाराजगी जताई है।
करौली शंकर महाराज ने अपने त्यागपत्र में कहा कि सनातन धर्म, संत परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति समर्पण की भावना से उन्होंने अखाड़े में महामंडलेश्वर के रूप में सेवा की। इसके लिए उन्होंने संत-महात्माओं और पदाधिकारियों का आभार भी जताया। हालांकि मौजूदा हालात को लेकर उन्होंने गंभीर चिंता जाहिर की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अखाड़े के पदाधिकारियों के बीच आपसी खींचतान और तानाशाही के चलते पंजाब के लोगों को न्यायपूर्ण प्रतिनिधित्व और उचित सम्मान नहीं मिल रहा है। इसके कारण अखाड़े में आपसी मुकदमेबाजी की स्थिति पैदा हो गई है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों ने जिन उद्देश्यों के साथ अखाड़े की स्थापना की थी, वे पूरे होने के बजाय निजी हितों के लिए अखाड़े की संपत्तियों का शोषण और दोहन किया जा रहा है।
त्यागपत्र में उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अखाड़े में ध्यान-साधना, पूजा-पाठ जैसी धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियां पूरी तरह बंद हो चुकी हैं। इससे अखाड़े की स्थापना के मूल उद्देश्यों को ही झटका लगा है।
करौली शंकर महाराज ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों और अपने स्वतंत्र आध्यात्मिक एवं सामाजिक दायित्वों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने स्वेच्छा से महामंडलेश्वर पद छोड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने अध्यक्ष से त्यागपत्र स्वीकार कर पद से जुड़े सभी दायित्वों से मुक्त करने का अनुरोध किया है।
