
हरिद्वार बास्केटबॉल एसोसिएशन ने खिलाड़ियों के लिए आयोजित किया विशेष फिटनेस कार्यक्रम
स्वस्थ और फिट युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव: मयंक भाजोराम शर्मा
हरिद्वार। हरिद्वार बास्केटबॉल एसोसिएशन द्वारा खिलाड़ियों, विशेषकर युवा एवं बाल खिलाड़ियों में शारीरिक फिटनेस, नियमित व्यायाम और खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एनी टाइम फिटनेस जिम में विशेष फिटनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शारीरिक मजबूती, अनुशासन और नियमित व्यायाम के महत्व के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरिद्वार बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित नैय्यर ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘खेलो इंडिया’ अभियान की भावना और उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया जैसी पहल ने देश के युवाओं और प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान किया है। उन्होंने बच्चों को खेलों में आगे बढ़ने और नियमित अभ्यास करने के लिए प्रेरित करते हुए उनमें नया जोश और उत्साह भरा।
राज्यमंत्री नितिन गौतम ने कहा कि भारतीय जीवन दर्शन में सदैव से ‘पहला सुख निरोगी काया’ को विशेष महत्व दिया गया है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। उन्होंने युवाओं से खेल और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि फिटनेस केवल खिलाड़ियों के लिए ही नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के स्वस्थ और सफल जीवन के लिए आवश्यक है।
इस अवसर पर मयंक भाजोराम शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों की मूल भावना को आत्मसात कर देश के युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाना होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प की सिद्धि में देश के स्वस्थ, अनुशासित, ऊर्जावान और आत्मविश्वासी युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है। खेलो इंडिया की भावना पर आगे बढ़कर ही हम स्वस्थ युवा शक्ति के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को साकार कर सकते हैं।
एसोसिएशन के सचिव संजय चौहान ने खिलाड़ियों को नियमित रूप से खेलने और एक्सरसाइज करने के लाभों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि नियमित खेल एवं व्यायाम से शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति और एकाग्रता बढ़ने के साथ-साथ मानसिक तनाव भी कम होता है। विशेष रूप से बास्केटबॉल जैसे खेल खिलाड़ियों में तेजी, संतुलन, समन्वय और टीम भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को फिटनेस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं तथा उन्हें नियमित अभ्यास के साथ अपनी शारीरिक फिटनेस पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के फिटनेस कार्यक्रम खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर डॉ. हरीश चौहान, अमित कुमार, एनी टाइम फिटनेस के प्रबंधक उत्कर्ष कुमार, साकेत राजपूत एवं सुमित सैनी सहित एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारी, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलों के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में हरिद्वार बास्केटबॉल एसोसिएशन ने भविष्य में भी खिलाड़ियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए इस प्रकार के फिटनेस एवं जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
