
कुंभ मेले में आह्वान अखाड़ा चलाएगा पर्यावरण संरक्षण जागरूकता अभियान
सभी की नैतिक जिम्मेदारी है पर्यावरण संरक्षण-श्रीमहंत रविंद्रपुरी
पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का बड़ा अवसर है हरिद्वार कुंभ मेला-स्वामी अरूण गिरी
हरिद्वार, 23 मई। आह्वान अखाड़ा हरिद्वार कुंभ मेले के दौरान संत महापुरुषों एवं श्रद्धालु भक्तों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाएगा। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी के साथ कंुभ मेले को लेकर चर्चा के दौरान आह्वान अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अरूण गिरी महाराज ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जागरूकता उत्पन्न करने के लिए हरिद्वार कुुंभ मेेला बड़ा अवसर है। कुंभ मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालु भक्तों को धर्म और अध्यात्म का ज्ञान प्रदान करने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के लिए अखाड़े के संत और श्रद्धालु मिलकर कुंभ मेला क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पौधारोपण करेंगे। उन्होंने कहा कि कुंभ स्नान के बाद वापस लौटने वाले संतों और श्रद्धालुओं को पौधे भेंट किए जाएंगे और पौधों का रोपण करने तथा उनकी देखभाल का संकल्प दिलाया जाएगा। स्वामी अरूण गिरी महाराज ने कहा कि इस संबंध में कुंभ मेला प्रशासन का भी सहयोग लिया जाएगा। जल्द ही अखाड़े के प्रतिनिधियों के साथ कुंभ मेला प्रशासन के अधिकारियों से भेंटकर इस संबंध में प्रस्ताव रखेंगे। श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने स्वामी अरूण गिरी महाराज के पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण समाज के सभी वर्गों की नैतिक जिम्मेदारी है। लगातार असंतुलित हो रहे पर्यावरण को सभी के सम्मिलित प्रयासों से ही संतुलित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वामी अरूण गिरी महाराज के पर्यावरण संरक्षण अभियान के माध्यम से हरिद्वार कुंभ की दिव्यता भव्यता और बढ़ेगी। अखाड़ा परिषद भी उनके प्रयास में सहयोग करेगा। महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी महाराज ने कहा कि मानव स्वास्थ्य के लिए पर्यावरण की शुद्धता जरूरी है। जीवन को सुखद बनाने के लिए पोधारोपण कर प्रदूषण को कम करना होगा। पर्यावरण संतुलित होगा तो जीवन पर आ रहे संकटों का समाधान भी होगा।
