यतीश्वरानंद ने जरूरतमंदों को बांटे कंबल, बोले पीएम ने बेघरों को दिए घर

— पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने लक्सर में 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के दौरान कार्यक्रम करने को किया प्रेरित
हरिद्वार। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने लक्सर कस्बे में जरूरतमंदों को कंबल वितरण कर उन्हें सर्दी में राहत दिलाने का काम किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों एवं असहायों की मदद के लिए आर्थिकी से मजबूत लोगों को आगे आना चाहिए। उन्होंने 22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के दौरान अपने घरों, मोहल्ले, कॉलोनी, गांवों में भगवान श्रीराम के कार्यक्रम करने को कहा।
बुधवार को लक्सर में मकर संक्रांति पर्व के उपलक्ष्य में कंबल वितरण कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कंबल वितरण कार्यक्रम में शामिल होकर जरूरतमंदों की सहायता के कार्य को पुण्य का काम बताया। स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि इस समय ठंड अपने चरम पर है, ऐसे में असहाय लोगों को सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़ों के साथ अन्य जरूरत का सामान वितरण कर उनकी मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने गरीबों को अपना घर देने का काम किया है। साथ ही उन्हें खाने के लिए निशुल्क राशन देेने काम भी निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि अब 22 जनवरी के दिन देश के इतिहास में बड़ा काम होने जा रहा है। उन्होंने प्राण प्रतिष्ठा के समय सभी को प्रसन्नता के दीपक जलाने के साथ अन्य भक्ति के कार्यक्रम करने चाहिए।
कार्यक्रम संयोजक भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नीपेंद्र चौधरी ने कहा कि स्वामी यतीश्वरानंद आमजन की समस्याओं के निवारण के लिए हमेशा आगे रहते हैं और जरूरतमंदों की सहायता करने के साथ सरकारों की योजनाओं का लाभ दिलाने का काम निरंतर कर रहे हैं। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य मनीष चौधरी, डॉ अजय गुप्ता, सहदेव प्रधान, देवेंद्र चौधरी, विकास राणा, कुलदीप, जसवीर सिंह आदि शामिल हुए।