
दीपांशु की रिपोर्ट
COER यूनिवर्सिटी में ‘मंथन 2K26’ के दूसरे दिन नवाचार, तकनीक और उद्यमिता का दिखा उत्साह
देशभर से 150 से अधिक टीमें और 1000 से अधिक प्रतिभागी ले रहे हैं हिस्सा


रुड़की, 9 अक्टूबर 2026। COER यूनिवर्सिटी, रुड़की में आयोजित तीन दिवसीय अंतर-विश्वविद्यालयीय टेक्नो-मैनेजमेंट फेस्ट ‘मंथन 2K26’ के दूसरे दिन शुक्रवार को नवाचार, तकनीकी प्रतिभा, रचनात्मकता और उद्यमिता का उत्साह देखने को मिला। 8 से 10 अक्टूबर तक आयोजित इस महोत्सव में देशभर से 150 से अधिक टीमें और 1000 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। यह आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नए विचारों को विकसित करने और व्यावहारिक समस्याओं के समाधान खोजने का अवसर प्रदान कर रहा है।
दूसरे दिन की शुरुआत मंथन हैकाथॉन के भव्य उद्घाटन समारोह के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों के व्यावसायिक कौशल और उद्यमशील सोच को परखने वाली प्रतियोगिता ‘स्ट्रेटेजम’ (STRATAGEM) के प्रथम चरण का सफल आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने अपने बिजनेस आइडिया प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के दूसरे चरण में प्रतिभागियों की रणनीतिक सोच, निर्णय लेने की क्षमता और व्यावसायिक समझ का आकलन किया जा रहा है।
वहीं, ‘गीगाबिट’ (GIGABIT) प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने कोडिंग और केस स्टडी आधारित चुनौतियों में अपनी तकनीकी एवं विश्लेषणात्मक दक्षता का प्रदर्शन किया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को तार्किक सोच विकसित करने, रचनात्मक समाधान खोजने और वास्तविक परिस्थितियों में अपने ज्ञान का उपयोग करने का अवसर मिल रहा है।
मंथन हैकाथॉन में भाग लेने वाली टीमें अपने अभिनव प्रोजेक्ट्स और तकनीकी समाधानों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 3 बजे से हैकाथॉन के प्रथम चरण का मूल्यांकन शुरू होना है। इसमें परियोजनाओं का आकलन नवाचार, रचनात्मकता, तकनीकी क्रियान्वयन और व्यावहारिक उपयोगिता के आधार पर किया जाएगा।
मंथन 2K26 का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उन्हें नवाचार, टीमवर्क, समस्या समाधान और उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करना है। यह महोत्सव युवाओं को अपने विचारों को वास्तविक परियोजनाओं में बदलने तथा भविष्य की तकनीकी और व्यावसायिक चुनौतियों के लिए तैयार होने का एक प्रभावी मंच प्रदान कर रहा है।
तीन दिवसीय मंथन 2K26 का समापन 10 अक्टूबर को होगा, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों की उपलब्धियों और उनके नवाचारों को प्रमुखता मिलेगी।
