
धर्म सत्ता के बिना अधूरी है राज सत्ता-स्वामी अरूण गिरी
हरिद्वार, 30 मई। बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय सिंह ने आह्वान अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अरूण गिरी महाराज के सानिध्य में दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया और उनसे आशीर्वाद लिया। स्वामी अरूण गिरी महाराज ने शॉल ओढ़ाकर संजय सिंह का स्वागत किया और अगले वर्ष हरिद्वार में होने वाले कुंभ मेले में शामिल होने का निमंत्रण देते हुए कहा कि धर्म सत्ता के बिना राज सत्ता अधूरी है। संतों के आशीर्वाद और सानिध्य में सनातन संस्कृति के मार्ग पर चलकर ही देश को आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और बिहार की भाजपा सरकार सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कदम उठा रही है। जिससे भारत शीघ्र ही विश्व गुरू की पदवी पर आसीन होकर पूरी दुनिया का मार्गदर्शन करेगा। कैबिनेट मंत्री संजय सिंह ने कहा कि गंगा तट पर संतों का सानिध्य सौभाग्य से प्राप्त होता है। संतों के सानिध्य में प्राप्त आध्यात्मिक ज्ञान से व्यक्ति के कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अरूण गिरी महाराज विद्वान संत हैं। सनातन संस्कृति के प्रचार प्रसार और भक्तों को धर्म व अध्यात्म का ज्ञान प्रदान करने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके प्रयासों से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। संजय सिंह ने कहा कि अगले वर्ष होने वाले कुंभ मेले में अपनी टीम के साथ स्वामी अरूण गिरी की पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को आगे बढ़ाने में सहयोग करेंगे। इस दौरान राजा सुधीर सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
