
हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के गैण्डीखाता में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चंपावत में हुई घटना के विरोध में प्रदर्शन कर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व विधानसभा अध्यक्ष आदिल गुर्जर और पूर्व जिला पंचायत सदस्य गुरजीत लहरी ने किया। उन्होंने कहा कि चंपावत मामले में नाबालिग लड़की से जुड़ी नई वीडियो सामने आने के बाद भी पूरे घटनाक्रम पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भाजपा का अपने कार्यकर्ताओं को बचाने के लिए नया षड्यंत्र भी हो सकता है। कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में भी आज तक घटना में शामिल वीआईपी का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया। प्रदेश महासचिव उत्कर्ष वालिया और ब्लॉक अध्यक्ष शुभम कुमार ने कहा कि भाजपा शासन में महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार महिला, किसान, व्यापारी और युवा विरोधी है। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष लक्ष्य चौहान, इरशाद भड़ाना, साबिर अली, रहीस आलम, गुलाम बशीर, मुजाहिद, मोनू सिंह, सौरव सैनी, शराफत अली, मोहम्मद रफी, यासीन बनिया और सत्तार खटाना सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
